रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर, रिहंदनगर स्थित एनटीपीसी परिसर के रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने रिहंदेश्वर महादेव का दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रांगण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। महाप्रबंधक (ओ एंड एम) श्री पी.के. नायक की उपस्थिति में उपमहाप्रबंधक जी.सी. साहू सपत्नीक यजमान रहे।
अखंड रामचरितमानस पाठ के पश्चात महादेव व माता पार्वती की आरती हुई और ओबरा से पधारे शंकर सोनी के संचालन में भव्य शिव बारात निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालु नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह मिष्ठान वितरण और आरती से बारात का स्वागत किया गया। मंदिर समिति पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बीजपुर पुलिस की मौजूदगी में यह धार्मिक आयोजन भक्ति व उल्लास के साथ संपन्न हुआ।









