
सोनभद्र। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी सोनभद्र में खेल प्रतियोगिता एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री कमलेश मोहन, नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी, श्री जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र एवं श्री अरुण कुमार मिश्रा, प्रधानाचार्य हाई स्कूल दीघुल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, बैडमिंटन व रस्साकशी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन व टीमवर्क का परिचय दिया। 100 मीटर दौड़ में राज व प्रेम कुमार, कबड्डी में बृजेश कुमार की टीम तथा बैडमिंटन में शुभम गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नृत्य, गीत व नाटक की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों को सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता व सामाजिक कौशल के विकास पर बल दिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 अनिल कुमार प्रजापति ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में विद्यालय के शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में प्रधानाचार्य श्री अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।










