रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय बाजार क्षेत्र में शराब बिक्री के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बीजपुर बाजार स्थित कम्पोजिट अंग्रेजी शराब एवं बीयर शॉप पर निर्धारित समय सीमा के बाद भी धड़ल्ले से शराब बेचे जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। सरकारी नियमों के अनुसार जहां शराब दुकानों को रात 10 बजे तक ही संचालित किया जाना है, वहीं संबंधित दुकान पर रात 10:30 बजे के बाद तक बिक्री जारी रहने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान न केवल तय समय के बाद खुली रहती है, बल्कि रात 10 बजे के बाद अद्धा, पौवा और बोतलों पर प्रिंट रेट से 20 से 50 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं। इस अवैध वसूली के चलते आए दिन ग्राहकों और विक्रेताओं के बीच झगड़े, गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बन रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है।
आरोप यह भी है कि दुकान निर्धारित समय से पहले ही खोल दी जाती है और देर रात 11 से 12 बजे तक खुलेआम बिक्री जारी रहती है। नाम न छापने की शर्त पर कई स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस तरह की लापरवाही और नियमों की अनदेखी से क्षेत्र में नशाखोरी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और अपराध की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शराब बिक्री के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था कायम रह सके।










