रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर ( सोनभद्र )अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कार्यसेवक की बैठक में विश्व हिन्दू परिषद, लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र जी ने आगामी 25 नवंबर को होने वाले भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए काशी प्रान्त का प्रान्त प्रमुख बजरंग दल के प्रान्त सह-संयोजक संदीप गुप्ता को मनोनीत किया है। यह ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सम्पन्न किया जाएगा।
गौरतलब है कि संदीप गुप्ता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान नगर प्रमुख की भूमिका निभाते हुए दो माह तक निरंतर सेवा दे चुके हैं। संगठनात्मक संरचना और कार्य निष्पादन में वे कार्यकर्ताओं को समय-समय पर मार्गदर्शन करते रहते हैं।
आगामी 25 नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर पर भव्य ध्वजारोहण का आयोजन होगा। मंदिर के गर्भगृह के मुख्य शिखर की ऊँचाई 160 फीट है, जबकि ध्वज-दंड की ऊँचाई जोड़कर ध्वज लगभग 191 फीट की ऊँचाई पर फहराया जाएगा। ट्रस्ट के अनुसार ध्वज केसरिया रंग का होगा, जिस पर सूर्य का चिन्ह और उसके मध्य में ‘ॐ’ अंकित रहेगा, जो परमात्मा के प्रथम उच्चारण का प्रतीक है।
संदीप गुप्ता को काशी प्रान्त का प्रान्त प्रमुख बनाए जाने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला बौद्धिक प्रमुख अनिल त्रिपाठी, विहिप बीजपुर प्रखंड उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख संतोष गुप्ता, सुशील सोनी, पंकज चौबे सहित काशी प्रान्त के सभी कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है ।।










