उपेंद्र तिवारी
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली बाजार में चोरों ने बीती रात एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी के होश उस समय उड़ गए जब उन्होंने ताला टूटा और अंदर का सामान बिखरा हुआ देखा। घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महुली निवासी प्रमोद कुमार पुत्र भगवानदास गुप्ता की महुली बाजार में मोबाइल, चार्जर, ईयरफोन, एलईडी बल्ब सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान है। पीड़ित के मुताबिक 8 नवंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह करीब 7 बजे जब प्रमोद दुकान पर पहुँचे तो दुकान की स्थिति देखकर सन्न रह गए। दुकान की तलाशी लेने पर पाया गया कि दुकान से लगभग 1,50,000 रुपये की कीमत के कई मोबाइल फोन, चार्जर, ईयरफोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री एवं नकदी गायब है।
पीड़ित ने इस संबंध में थाना विंढमगंज में तहरीर देकर चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है जिससे उनका व्यापार प्रभावित हुआ है।
व्यापारी प्रमोद कुमार ने कहा कि बाजार में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने और आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।











