
- बालिकाओं को सुरक्षा, संरक्षण, कानूनी अधिकार प्राप्ति हेतु किया जागरूक *
-ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र का वादा, न्याय सबके लिए, ग्रामीण अंचल में जलाई विधिक साक्षरता की मशाल
कोन सोनभद्र स्टेट (मीडिया ब्यूरो)।
थाना कोन क्षेत्र स्थित मिशन शक्ति 6 अभियान के प्रचार प्रसार हेतु मंगलवार को ग्रामीण अंचल में संचालित पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज कोन में ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र द्वारा विधिक जागरूकता और साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
तहसील ओबरा पीएलवी/ अधिकार मित्र निगार फ़रज़ाना ने 1 जुलाई 2025 से आरंभ होकर 30 सितम्बर 2025 तक समाप्त होने वाले मध्यस्थता अभियान में निस्तारित होने वाले वादों, वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, सम्पत्ति विभाजन, सेवा विवाद, शमनीय अपराध, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली के मामले के निस्तारण के उपयुक्त अवसर का लाभ उठाने की अपील की। अनैतिक देह व्यापार, गर्भ परीक्षण व समापन अपराध, मानव तस्करी, कम उम्र में विवाह का दुष्प्रभाव, मातृत्व लाभ आदि की जानकारी दी।
शिविर में वन स्टाप सेंटर की अनुराधा जायसवाल ने महिलाओं को उनके क़ानूनी और विशेष अधिकार के अलावा अपनी रक्षा और संरक्षा समेत उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाएं, टोल फ्री सहायता नंबरों तथा विभागीय कार्यप्रणाली से बालिकाओं को अवगत कराया।
शिविर का संचालन कर रहे पीएलवी कमाल अहमद ने बालिकाओं को बताया कि रात्रि में महिलाओं की गिरफ्तारी और थाने पर हिरासत में रखना गैर कानूनी है, पुलिस को ऐसा करने का अधिकार नहीं है, विशेष परिस्थितियों में पुलिस गिरफ्तार भी करती है तो महिला पुलिस के साथ ही गिरफ्तारी कर सकती है साथ ही पारिवारिक, सामाजिक, स्वास्थ्य सम्बन्धी मामले में मार्गदर्शन किया।
पीएलवी श्री अहमद ने विधिकीय सेवाओं और अधिकारों पर विस्तृत प्रकाश डाला। महिलाओं/ बालिकाओं को आश्वस्त किया कि घरेलू हिंसा, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अत्याचार के प्रति शिकायत और न्याय हेतु उन्हें संवैधानिक अधिकार दिया गया है भले ही उत्पीड़न चाहे कार्यस्थल पर मानसिक हो या शारीरिक हो, यौन उत्पीड़न, पारिवारिक उत्पीड़न, सामाजिक शोषण, अन्याय, अत्याचार की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में न्याय की गुहार लगाकर नि:शुल्क न्याय प्राप्त कर सकती है।
अध्यक्षता कर रहे थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह ने आत्मीय भाव से मिशन शक्ति 6 योजना की बारीकियां बताई।
आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा संचालित तमाम कल्याणकारी योजना का पालन और पोषण करने के लिए पुलिस आपके साथ है।
महिला आरक्षी दीक्षा तिवारी व अन्य गणमान्य लोगों ने अपना विचार रखा। इस अवसर पर विद्यालय इंचार्ज शिविर कुमार के अलावा श्रीकांत पाल, अशोक मिश्रा, श्रीमती तैबुन निशा, श्रीमती चिंता जायसवाल अध्यापक/अध्यापिकाएं और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
यह आयोजन अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र/जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह के आदेशानुसार सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश शैलेंद्र यादव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र शैलेंद्र यादव ने दी।










