मिलिन्द कुमार

सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव में सोमवार की शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत में खाद डालने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही बाबूलाल (45) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने का आरोप एक ही परिवार के छह लोगों पर है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के पिता कन्हैया पुत्र स्व. जोखन ने घोरावल कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि बाबूलाल गांव के ही कयर पुत्र शिवधानी के खेत में खाद डाल रहा था, जो कि खुटहा गांव निवासी सीताराम के पास रेहन पर रखा गया था। इसी बात से नाराज होकर कयर ने पहले बाबूलाल को खेत से हटाया, और फिर शाम को अपने परिजनों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
शाम को जब बाबूलाल घर लौट रहा था, तभी कयर, उसकी पत्नी लक्षनी, पुत्र सुरेश, ओमप्रकाश, गोरख, बहू और एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर सड़क के पास लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बाबूलाल ने भागने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे घोरावल सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा एवं चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों पर IPC की संगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। सभी फरार हैं और पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।










