रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिण्डारी टोला सतपेड़वा नगराज में सोमवार को एक बृद्ध महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार पिंडारी निवासी रैमुन देवी पत्नी सरजू गोड उम्र लगभग 50 वर्ष, लंबे समय से किसी बीमारी से परेशान थी। रविवार की सुबह उसने अपने पति से दवा लेने की बात कहा व घर से निकल गई । शाम को उसका पति सरजू जंगल से घर आया तो पत्नी को घर मे न पा कर काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं उसका पता नही चला। सोमवार सुबह उसने फिर से खोजबीन शुरू किया तो घर से 50 मीटर दूर एक बंधे के किनारे उसका चप्पल और डंडा दिखाई दिया। शक होने पर ग्रामीणों द्वारा बीजपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी । सूचना पाकर टीम के साथ मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक श्रवण कुमार यादव ने कटिया और जाल के सहारे बंधे में खोज कराया तो महिला का शव बरामद हुआ। इस बाबत उप निरीक्षक श्रवण कुमार यादव ने बताया कि उसके पति और गाँव मे जनचर्चा के अनुसार सम्भवतःमहिला ने बीमारी से त्रस्त होकर खुद आत्महत्या कर ली है। फिलहाल महिला के शव को एनटीपीसी रिहंद धन्वंतरि चिकित्सालय के मोर्चरी में रखवा दिया गया है विधिक कार्रवाई के बाद मंगलवार को पीएम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा जाएगा।










