मिलिन्द कुमार

सोनभद्र(घोरावल)। जनपद के घोरावल तहसील के पसही विद्युत उपकेंद्र से संचालित बिजली की लाइन में एक बड़ा हादसा हुआ है। खैराही गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक टिपर ट्रक से टकराकर 11000 वोल्ट का तार टूट गया। टूटा हुआ तार गांव के रामविलास के खलिहान में गिरा।
इससे वहां रखा 5 बीघा धान का पुआल और डेढ़ बीघा गेहूं का भूसा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गांव के दो युवक भी घायल हो गए। टीपू (पुत्र मोछू) और छोटू बाइक से जा रहे थे। वे टिपर ट्रक के पीछे थे। तार की चपेट में आने से दोनों खेत में गिर गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। दोनों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पसही विद्युत उपकेंद्र से भर॒हा फीडर की सप्लाई वाले तार कई जगह काफी नीचे लटक रहे हैं। हवा के झोंके और पेड़ों से टकराने के कारण ये तार अक्सर टूट जाते हैं। इससे आग लगने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से नीचे लटक रहे तारों को ऊंचा करने की मांग की है। संयोगवश टिपर ट्रक में आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।










