नगर की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है-उस्मान अली
चोपन। नगर पंचायत चोपन के वार्ड नंबर 9 के निवासियों को लंबे समय से जलनिकासी की समस्या से जूझना पड़ रहा था। आए दिन जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आज इस समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं भाजपा जिला प्रतिनिधि सुनील सिंह की उपस्थिति में वार्ड नंबर 9 में नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर नगर के कई गणमान्य नागरिक, वार्डवासियों समेत नगर पंचायत के सभासद भी मौजूद रहे।नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और यह नाली निर्माण कार्य वर्षों पुरानी समस्या को जड़ से समाप्त करेगा। उन्होंने कहा कि जलनिकासी की दिक्कत दूर होने से गंदगी व बीमारियों का खतरा भी कम होगा। भाजपा जिला प्रतिनिधि सुनील सिंह ने कहा कि वार्ड नंबर 9 के नागरिक लंबे समय से इस नाली की मांग कर रहे थे। अब यह कार्य शुरू होने से क्षेत्र में विकास की नई दिशा खुलेगी और रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया। इस मौके पर सभासद नागेंद्र यादव, मनोरमा देवी, अनिकेत रावत, अनिल जायसवाल, सलीम कुरैशी, जीतू सिंह, लिपिक अंकित पांडेय, एस एन सिंह, मनोज पासवान, रामनरेश चौधरी, उमेश यादव, छोटन भाई, प्रदीप कुमार इत्यादि लोग उपस्थित है।











