उपेंद्र तिवारी

दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी नेशनल हाईवे-39 पर काली जी मंदिर की ओर जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने बिजली के पोल से टकरा गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कुछ देर के लिए बना रहा । बोलेरो चालक ने बताया कि अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही कस्बा प्रभारी अमित कुमार सिंह और कांस्टेबल सर्वेश सिंह मौके पर पहुंचे और बोलेरो को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं इस हादसे में बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।










