रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर ( सोनभद्र ) एनटीपीसी रिहंद के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026’ का गुरुवार को तरंग प्रेक्षागृह में भव्य शुभारंभ किया गया। एक माह तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की 140 बालिकाएं भाग लेकर शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, जीवन कौशल और आत्मविश्वास निर्माण से जुड़े प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संजय असाटी, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी रिहंद) सहित विशिष्ट अतिथि श्री संदीप नायक, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी सिंगरौली), श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा वनिता समाज, श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल समिति, श्री प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्री सतेन्द्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन, एनटीपीसी विंध्याचल), श्री माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम, एनटीपीसी विंध्याचल), उप समादेष्टा सीआईएसएफ श्री प्रकाश एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा एनटीपीसी गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि श्री संजय असाटी ने बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सशक्तीकरण का अर्थ केवल शक्ति प्रदान करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शैक्षणिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, कौशल निर्माण और जीवन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशिक्षण भी प्रदान करता है।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “आप सभी शक्ति, साहस और उम्मीद की प्रतीक हैं। यहां से जो सीख प्राप्त होगी, उसे अपने आसपास के समाज तक पहुंचाकर बदलाव की वाहक बनें।”
कार्यक्रम के प्रारंभ में मानव संसाधन विभागाध्यक्ष श्री राजेश बोयपाई ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष सात विद्यालयों से चयनित 140 बालिकाएं इस अभियान में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी रिहंद का यह प्रयास बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर पूर्व वर्षों में आयोजित बालिका सशक्तीकरण अभियान की प्रतिभागियों एवं डीएवी स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही पूर्व प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अभियान से प्राप्त आत्मविश्वास और सीख को जीवन में उपयोगी बताया तथा एनटीपीसी रिहंद के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएवी स्कूल में अध्ययनरत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पूर्व ‘जेम’ प्रतिभागी बालिकाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में एनटीपीसी रिहंद की यह पहल क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की नई उम्मीद के रूप में देखी जा रही है।









