रामप्रवेश गुप्ता

त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई ।।
बीजपुर (सोनभद्र) आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सहयोग का संदेश दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली तथा सभी से मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग से ही बढ़ती हैं, इसलिए सभी लोग सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने अथवा शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीजपुर विश्राम सागर गुप्ता, ग्राम प्रधान रजमिलान बद्री नाथ, खलील अहमद, मुख्तार आलम, संतवन सिंह, नसीम अख्तर, विनोद भारती, के.पी. पाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।









