रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजमिलान अंतर्गत टोला मैनहवाँ में शुक्रवार को एक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेलते-खेलते बाउली में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनहवाँ निवासी बच्चाराम का तीन वर्षीय पुत्र आयुष घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते घर से कुछ दूरी पर स्थित बाउली के पास पहुंच गया और अनजाने में उसमें गिर गया। काफी देर तक जब आयुष घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब परिजन बाउली के पास पहुंचे तो मासूम का शव पानी में तैरता देख उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दिया ।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम आयुष की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।










