
“मिशन शक्ति फेज-5” अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की गई। शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा सुप्रिया वर्मा को एक दिन के लिए महिला थाना प्रभारी दुद्धी (स्टेशन ऑफिसर-इन-चार्ज) बनाया गया। इस दौरान सुप्रिया ने थाने की कार्यप्रणाली को समझा और महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, 112 और 181 जैसी सेवाओं की कार्यप्रणाली जानी तथा महिला पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए। एक दिन की महिला थाना प्रभारी के रूप में कार्य करते हुए सुप्रिया ने थाने पर आई पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर कानून से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, थाना प्रभारी दुद्धी स्वतंत्र सिंह, महिला थाना प्रभारी सन्तू सरोज सहित जीजीआईसी दुद्धी की शिक्षिकाएं, छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










