मिलिंद कुमार
घोरावल सोनभद्र घोरावल कोतवाली क्षेत्र में एक अवैध चिकित्सक की लापरवाही से 55 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति की जान चली गई। कनेटी गांव के शिवदास कोल को मंगलवार को हाथ में तेज दर्द की शिकायत थी। परिजन उन्हें मुंगेहरी चट्टी स्थित एक अवैध क्लिनिक ले गए।क्लिनिक में डॉक्टर ने शिवदास को इंजेक्शन लगाया। घर लौटने के मात्र आधे घंटे बाद उनकी मृत्यु हो गई। परिजन तुरंत एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की छह बेटियां हैं, जिनमें से तीन विवाहित हैं। चौकी इंचार्ज अजय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, मृतक के भाई शिवलाल की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मुंगेहरी चट्टी में कई अवैध क्लिनिक संचालित हैं।
यहां बिना डिग्री वाले लोग मरीजों का इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में मृतक की पत्नी छब्बी और बेटी सीमा सहित अन्य परिजन शोक में डूबे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











